पुस्तक समीक्षा

आम आदमी की पुस्तक है माँ हिन्दी
--------------------------------------------

“माँ हिन्दी” के बारे में मैं ये चार बातें कहना चाहूँगा।
सबसे पहले तो मैं यह कहना चाहता हूँ कि यह किताब राजभाषा हिन्दी के पक्ष में लिखी गई  एक बेहद प्रभावशाली किताब है। इस किताब में बहुत ही अच्छे व तार्किक ढंग से यह समझाया गया है कि हिन्दी भाषा भारत के लिए क्यों जरूरी है। लेखक ने किताब में संस्कृति पृथक प्रभाव ( seperation of culture effect) की एक अनूठी अवधारणा प्रस्तुत की है और उसे बड़े ही वैज्ञानिक तरीके से समझाया है कि मातृभाषा का प्रयोग करके ही आदमी रचनात्मक हो सकता है। लेखक का कहना है कि "आप, आपकी भाषा और इस भाषा से जुड़ी संस्कृति, इन तीनों का एक साथ रहना जरूरी है। विदेशी भाषा को आप सीख तो सकते हैं। परन्तु उससे जुड़ी संस्कृति तक आपकी पहुँच नहीं होती है, इस कारण भाषा ज्ञान का सारा चक्र ही छिन्न-भिन्न हो जाता है। यह चक्र पूर्ण होना चाहिए अन्यथा आप भाषा का रचनात्मक ढंग से सम्पूर्ण उपयोग नहीं कर सकते हैं। केवल मातृभाषा का उपयोग करके ही आप पूरी सहजता से अपने मन की बात को अभिव्यक्त कर सकते हैं और इसी तरह भाषा ज्ञान के इस चक्र को पूरा किया जा सकता है।" यह बात बहुत सरल है और इस किताब में इसे सरल तरीके से ही बताया गया है। लेकिन यह एक  विशिष्ट अवधारणा है, जो दुनिया की हर भाषा पर और उन भाषाओं का उपयोग करने वालों पर समान रूप से लागू होती है। इस किताब में एक भाषा के रूप में अंग्रेजी का भी स्वागत किया गया है, लेकिन इसके साथ-साथ अंग्रेजी मानसिकता वाले लोगों के षड्यंत्र का खुलासा भी जोरदार तरीके से किया गया है। यह बात वास्तव में आश्चर्यजनक है कि मात्र 5 -6  प्रतिशत लोग ही भारत में अंग्रेजी का प्रयोग करते हैं और ये लोग ही इस विशाल देश को चला रहे हैं । एक राष्ट्र के रूप में भारत के लिए एकसमान भाषा को लेकर लेखक की जो तड़प है वह "हिन्दी" से ज्यादा देश के लिए कहीं अधिक है। यह तकलीफ उन लोगों के लिए है जो अँग्रेज़ी भाषी नहीं हैं और कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक बिखरे हुए हैं।

दूसरी महत्वपूर्ण बात यह कि यह पुस्तक विद्यार्थी वर्ग के साथ साथ आम आदमी के लिये भी उपयोगी है। विद्यार्थियों के लिए इसलिए कि पुस्तक में हिन्दी साहित्य के इतिहास का संक्षेप में वर्णन किया गया है। साहित्य का कोई भी नया विद्यार्थी इस पुस्तक को पढ़कर मात्र 3/4 दिनों में ही हिन्दी साहित्य की पर्याप्त जानकारी हासिल कर सकता है। साथ ही यह किताब आम आदमी के लिए भी महत्त्वपूर्ण है क्योंकि साहित्य का यह इतिहास बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में लिखा गया है।

तीसरी महत्वपूर्ण बात इस पुस्तक में यह है कि साहित्य का इतिहास लिखने के क्रम में संजीव ने कई नई स्थापनाओं को स्थापित किया है। डॉ० नामवर सिंह  ने भी अपनी टिप्पणी में इसका ज़िक्र किया है कि संजीव ने छायावाद को खड़ी बोली हिन्दी की शक्ति और सम्भावनाओं का टेक्नोलोजी काल कहा है। यह वास्तव में एक अदभुत स्थापना है। मैं भी उनके इस वक्तव्य से सहमत हूँ । किताब में लेखक ने यह भी बताया है कि छायावाद ने आखिर क्यों प्रकृति को ही स्वाधीनता की अपनी आकांक्षा की अभिव्यक्ति के लिये चुना। छायावाद की शुरुआत 1918 से मानी जाती है और संजीव ने कहा कि 1920 के आसपास  वह समय है जबकि असहयोग आन्दोलन असफल हो चुका है। भारत के स्वतन्त्रता आंदोलन की कोई स्पष्ट दिशा नहीं बन पा रही है। लेकिन साहित्य अपनी लड़ाई कभी अधूरी नहीं लड़ता, इसलिए उसे किसी शाश्वत आधार की जरूरत थी। और यह शाश्वत आधार है प्रकृति । ऐसी तमाम बातें हैं जो इस पुस्तक का साहित्यिक महत्व को बहुत बढ़ा देती हैं। प्रेमचन्द के आदर्शवाद को लेकर संजीव कहते हैं कि सभी लोग सपने देखते हैं। प्रेमचन्द भी यह सपना देख रहे थे कि भारत खुशहाल होगा।  प्रेमचन्द का जो आदर्शवाद है वह उनके कल्पित यथार्थ (उनके स्वप्न) के पक्ष में है। लम्बे समय तक उन्होनें अपने स्वप्न के पूर्ण होने का इन्तजार किया। लेकिन जब 1925 के आसपास उन्होंने यह देखा कि न तो समाज में और न ही स्वतन्त्रता आन्दोलन में यथार्थ वैसा बन पा रहा है, जैसा होना चाहिए तो 1925 के बाद वे अपने ही आदर्श की विपरीत दिशा में चल देते हैं, जिसकी परिणती अन्ततः 1936 में  उनके कालजयी उपन्यास  "गोदान" के रूप में सामने आती है। आश्चर्य की बात तो यह है कि इस पुस्तक के लेखक संजीव न तो साहित्य के विद्यार्थी हैं और न ही साहित्य से जुड़े हुए हैं। उन्होंने तो भौतिक विज्ञान में स्नात्कोत्तर (एम०एससी०) किया है।

चौथी बात, जो मुझे ज़रूरी लगती है, वो यह है कि हिन्दी सहित भारत की सभी भाषाओं को पूरा-पूरा सम्मान देते हुए लेखक ने अपनी इस किताब में राष्ट्रीय एकीकरण (नेशनल इन्टीग्रेशन) की बात की है। उन्होंने एक राष्ट्र के रूप में भारत के जीवन में तमिल,  तेलुगू, मलयालम, कन्नड़, उड़िया, असमिया, बांगला, मराठी आदि सभी भाषाओं के महत्व को पहचाना है। इस पुस्तक की सभी विशिष्टताओं का ज़िक्र मैं नहीं कर रहा हूँ। कुछ विशेषताएँ पाठकों को भी किताब पढ़कर खुद समझनी होंगी। हाँ, ’माँ हिन्दी’ के नाम से इतनी अच्छी किताब लिखने के लिए मैं युवा लेखक संजीव कुमार गंगवार को हार्दिक बधाई देना चाहता हूँ। और पाठकों से एक बार फिर यह कहना चाहता हूँ कि ऐसी पुस्तकें बार - बार नहीं लिखी जाती। इस किताब में लेखक की प्रयोगशीलता अपने चरम पर है और वह देश के हित में है, शायद इसलिए राजभाषा "हिन्दी" के हित में है और तमिल, तेलुगू, मलयालम, तेलुगु या मराठी आदि के हित में है । अन्ततः यह प्रयोगशीलता देश के हर नागरिक के हित में है, चाहे वह किसी भी धर्म, जाति या किसी भी वर्ग का हो।  मुझे यह लगता है  कि इस किताब के पाठक इसे सहेजकर रखेंगे।

- अनिल जनविजय

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

रचना

#खबर

समाचार