लेख

राम बचाये मेरे देश को...
-----------------------------

बहुत मोमबत्तियां जलालीं बुझालीं अब कुछ ऐसा करो कि बेटियों की चीखों की जगह किलकारियां सुनाई दें | आये दिनों दामिनी तो कभी प्रियंका हैवानों की शिकार हो रही हैं | मेरा सीना फट-फट जाता है, जब देखता हूँ कि ऋषि-मुनियों के देश भारत में एक साल - दो साल की मासूमों को भी शिकार बनाया जाता है | एक साल का बच्चा महज एक मांस का लोथड़ा होता है | फिर कैसे किसी कलयुगी हैवान की हैवानियत जाग जाती है | मैं यह सोचकर ही स्वयं को पागलसा महसूस करता हूँ |

कितना दु:ख होता होगा उस नन्हीं सी जान को जब अपने ही देश में अब बलात्कार जैसी घटनाओं पर भी लोग राजनीति खेल जाते हैं, धर्म का चोला पहना देते हैं | एक बूढी मोहतरमा जो फिल्मों में नौटंकी करती है और आजकल संसद भवन में भी बैठी है ने अपने एक बयान में कहा था कि बलात्कार तो हमारी संस्कृति का हिस्सा हैं | वहीं एक बूढ़े खूसट पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा था कि लड़के हैं और लड़कों से तो छोटी मोटी गलतियां हो ही जाती हैं | खैर हम राजनीति की बात नहीं करेंगे, क्योंकि भारतीय राजनीति विश्व की सबसे नीच राजनीति है |

हम आते हैं सीधे धर्म पर, आज के वक्त में भारत ही नहीं अन्य देशों में भी धर्म व धर्मगुरु पूरी तरह से भ्रष्ट हो चुके हैं | भारत के तो अधिकांश जेलों में जा रहे हैं और कुछ जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं | लेकिन जिन्होंने राजनीति में पकड़ बना रखी है वे ससम्मान बलात्कार कर रहे हैं और बलात्कार पीडिता को उल्टे जेल भी भिजवा रहे हैं | अब ऐसे लोगों को तो ऊपर वाला ही अपनी अदालत में सबक सिखायेगा | भारतीय अदालते तो ऐसे महाराजाओं के प्रवचन सुनती हैं |

भारतीय मीडिया की बात करें तो मेरी नजर में सबसे भ्रष्ट बिकाऊ मीडिया है | किसी अमीर के साथ घटी घटना, किसी सांसद, विधायक, मंत्री के छींकने की घटना ही ब्रेकिंग न्यूज होती है, बाकी भारत में कुछ भी होता रहे, इन्हें कोई परवाह नहीं |

चलते-चलते बात करते हैं भारतीय जनता की | भारतीय जनता एक तरफ सपना चौधरी के हिलते कूल्हों पर अपना सर्वस्व लुटाने को तैयार है तो वहीं बलात्कार पीडिता के लिये बनावटी आँसू बहाने में भी किसी से कम नहीं | राम बचाये मेरे देश को...

- मुकेश कुमार ऋषि वर्मा
ग्राम रिहावली, डाक तारौली,
फतेहाबाद, आगरा, 283111

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

रचना

#खबर

समाचार