सरस्वती दीप// प्रतियोगिता

 🚩     

       _ *"संग्राम जिंदगी है"*_


*संग्राम जिंदगी है, हमको लड़ना पड़ेगा।*

*बीज बन धरा में सुमन को गड़ना पड़ेगा।।*


हर दिन आखिरी है,ये मान उतरें कर्म में।

गांडीव छोड़ पार्थ,खड़े हो किस भ्रम में। 

सजती रहे सदा अभिषेक की थालियां।

पर्दा गिरने बाद भी बजती रहे तालियां।

कुंदन बनने को, आग में सड़ना पड़ेगा।

संग्राम जिंदगी है, हमको लड़ना पड़ेगा।

बीज बन धरा में सुमन को गड़ना पड़ेगा।

।।1।।


अश्रु क्यों बहाते जाए, बहने की सीमा है।

कितनी करे याचना कोई,करने की सीमा है।

दीप लघु भी सूर्य का गर्व झाड़ सकता है। 

क्षुद्र बघनखा रिपु का वक्ष फाड़ सकता है।

कीडी हैं तो क्या, कुंजरों से भिड़ना पड़ेगा। 

संग्राम जिंदगी है,  हमको लड़ना पड़ेगा।

बीज बन धरा में, सुमन को गड़ना पड़ेगा।

।।2।।


सुनो सीताओ अब अग्निपरीक्षा नकार दो।

अपने भीतर शक्ति चंडिका को आकार दो।

लाज पर आंच न कोई दे सके  जान लो ।

बन द्रौपदी वेणी, लहू से उसके सान लो ।

नारायणी को प्रारब्ध खुद ही गढना पड़ेगा।

संग्राम जिंदगी है, हमको लड़ना पड़ेगा । 

बीज बन धरा में सुमन को गड़ना पड़ेगा।

।।3।।


बाधाओं से बोलदो, ना हौंसले आजमाएं।

शांत समुंद्र में नाविक कैसे कुशल हो पाए?

बादलों से छाजाए गर भविष्य का आकाश। 

चमकाना पड़ेगा विद्युत सा मेधा का प्रकाश।

संकटों के सीने पर शूल सा गड़ना पड़ेगा।

संग्राम जिंदगी है, हमको लड़ना पड़ेगा।

बीज बन धरा में, सुमन को गड़ना पड़ेगा।

।।4।।


शक्तिशाली जयसिंह किन्तु  मुगलों के गुलाम।

साधनहीन शिवाजी,किया स्वराज्य का काम।

सिंहों ने सदा से ही, इतिहासों को जीता है।  

प्रसवकर्म में श्रृगालों का पूरा जीवन बीता है। 

जननी जन्मभू की रक्षार्थ सदा अड़ना पड़ेगा।

संग्राम जिंदगी है , हमको लड़ना पड़ेगा ।

बीज बन धरा में सुमन को गड़ना पड़ेगा।

।।5।।


-----------@grs


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

रचना

#खबर

समाचार