धनवन्तिया
लघुकथा - धनवन्तिया
---------------------------
आज गैस्ट हॉउस में हलचल तेज थी | जरूर कोई ऑफिसर राउंड पर आया हुआ था | गार्ड राम सिंह भागा-भागा फिर रहा था | मुर्गा-दारू सबका इन्तजाम कर चुका था, बस कमी थी तो आदिवासी लड़की की | वो हर बार की तरह इस बार भी लड़की ले आता पर इस बार धनवन्तिया ही चाहिए थी उसे... | हरामी ने आते समय ही जंगली रास्ते में धनवन्तिया के आधे नंगे वदन के दर्शन कर लिए थे, बस उसी समय से लार टपका रहा था |
राम सिंह अब तक अपने उच्चाधिकारियों को सैकड़ों आदिवासी लड़कियां परोस चुका था | लेकिन आज वो डर रहा था, उसके डर का कारण था धनवन्तिया का भाई डगरू, जो पिछले कई महीनों से गायब है | किसी सैनिक या पुलिसिया कार्यवाही में मारे जाने की खबर तो आज तक नहीं आई उसकी, वो जरूर किसी नक्सली संगठन में भर्ती हो गया था | अगर यह सच हुआ तो डगरू अपनी बहिन की इज्ज़त का बदला लेने से नहीं मानेगा | शैतान रमन सिंह तो रबड़ी चट करके शहर भाग जायेगा | मरेगा राम सिंह ! तभी कडकती आवाज आई -
‘कहाँ मर गया रे राम सिंह, जा जल्दी उस टंच माल को लेकर आ जो दोपहर को रास्ते में दिखा था | अब और बर्दाश्त नहीं होता’...
राम सिंह आर्डर सुनते ही दौड़ पड़ा बस्ती की ओर... जैसे ही धनवन्तिया की झोपड़ी दिखी उसके पैर ठिठक गये | झोपड़ी से मछली और भात की खुशबू आ रही थी और राम सिंह का पूरा तन पसीने से तर हो चुका था | उसने झूठमूठ की कहानी बनाई और डरते-डरते झोपडे में घुस गया... हॉफते हुए बोला -
‘ए धनवन्तिया ! चल जल्दी चल मेरे साथ वहाँ गैस्ट हाउस पर एक लाश आई है | मुझे तो डगरू की लगती है | तू चल कर पहचान ले’...
इतना सुनते ही बेचारी धनवन्तिया दौड़ पड़ी गैस्ट हॉउस की तरफ...
सुबह टीवी पे और अखबारों में खबर आई नक्सली कमांडर जाँबाज आफिसर रमन सिंह ने की ढेर |
- मुकेश कुमार ऋषि वर्मा
ग्राम रिहावली, डाक तारौली,
फतेहाबाद, आगरा, 283111
9627912535
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें